Tuesday ,November 03, 2026
होमदेश-दुनियाराहुल गांधी ने PM मोदी को फिर दी खुली बहस की चुनौती, बोले- 24 घंटे बीते, जवाब क्यों नहीं आया?...

राहुल गांधी ने PM मोदी को फिर दी खुली बहस की चुनौती, बोले- 24 घंटे बीते, जवाब क्यों नहीं आया?

 Newsbaji  |  Nov 03, 2026 07:11 PM  | 
Last Updated : Nov 03, 2026 07:11 PM
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी खुली बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी खुली बहस की चुनौती

दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी चुनौती दिए हुए 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पसंद की जगह और मंच चुन सकते हैं। बहस में मीडिया और देश के युवाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी: https://x.com/rahulgandhi/status/2117595797315600796?s=48

'देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसका संबंध है?'
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी से सीधे बहस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्ष पर देशद्रोही होने के आरोप लगाते हैं, इसलिए इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। राहुल ने सवाल उठाया कि आखिर देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं?

उन्होंने प्रस्ताव दिया कि दोनों नेता आमने-सामने बैठें और मीडिया तथा देश के युवाओं की मौजूदगी में सभी सवालों पर चर्चा करें। राहुल गांधी ने यहां तक कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत को निर्णायक की भूमिका दे सकते हैं।

अमेरिकी डील, अडानी और एपस्टीन का उठाया मुद्दा
राहुल गांधी ने प्रस्तावित बहस के लिए कई अहम मुद्दे भी गिनाए। इनमें देश की वित्तीय व्यवस्था, आर्थिक ढांचा, अमेरिका के साथ हुआ व्यापार समझौता, उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े मामले और एपस्टीन प्रकरण शामिल हैं।

उन्होंने अमेरिका के साथ हुए समझौते पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यह डील इतनी जल्दी कैसे हुई और इसे लेकर कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई? राहुल ने कहा कि इन सभी विषयों पर देश के सामने खुलकर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा, "आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए।"

मानहानि के मुकदमों का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मुकदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ करीब 45 मानहानि के मामले दर्ज हैं। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशी संबंधों से जुड़े उनके आरोपों पर भी मानहानि का मुकदमा कर सकते हैं। इस मुद्दे पर भी खुली बहस हो सकती है।

पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "हैप्पी दिवाली, मोदी जी।"

एक दिन पहले भी लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, राहुल गांधी ने इससे एक दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद के सहारे सत्ता में आने और पद पर बने रहने का आरोप लगाया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री से देश से झूठ बोलना बंद करने की बात कही थी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft