Monday ,November 02, 2026
होमजुर्मभिलाई में सट्टे के डिजिटल सिंडिकेट का भंडाफोड़! WINBUZZ ऐप से चल रहा था क्रिकेट सट्टा, 4.93 लाख कैश और 18 मोबाइल जब्त...

भिलाई में सट्टे के डिजिटल सिंडिकेट का भंडाफोड़! WINBUZZ ऐप से चल रहा था क्रिकेट सट्टा, 4.93 लाख कैश और 18 मोबाइल जब्त

 Newsbaji  |  Nov 02, 2026 06:38 PM  | 
Last Updated : Nov 02, 2026 06:38 PM
भिलाई में WINBUZZ ऐप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
भिलाई में WINBUZZ ऐप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने एक बड़े सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। रूंगटा कॉलेज के पीछे जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित एक मकान में WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लाख 93 हजार रुपए नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि, राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में कुछ लोग WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी स्मृतिनगर और थाना सुपेला पुलिस की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कुछ संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया।

मुख्य संचालक देवेंद्र साहू, मासिक वेतन पर रखे गए थे कर्मचारी
पूछताछ में सामने आया कि, इस नेटवर्क का कथित मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इस अवैध कारोबार में लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों तथा एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। गिरफ्तार दोनों आरोपी इस नेटवर्क में मासिक वेतन के आधार पर काम कर रहे थे।

खाताधारकों की जानकारी के बिना बैंक खातों के इस्तेमाल का खुलासा
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि कथित तौर पर कुछ व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना ऑनलाइन सट्टे के अवैध लेन-देन में किया जा रहा था। पुलिस अब बैंक खातों, एटीएम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेजों और डिजिटल लेन-देन की कड़ियों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू सहित अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में लाखों की नकदी समेत भारी सामान जब्त
पुलिस ने मौके से नकद रकम 4,93,000 रुपए, लैपटॉप 03, आईपैड 01, विभिन्न कंपनियों के स्मार्ट मोबाइल फोन 18, एयरटेल वाई-फाई डिवाइस 01, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड 22, विभिन्न बैंकों की पासबुक 10 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर 04, होंडा एक्टिवा स्कूटर 04 सामाग्री जब्त की है। 

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
इस ममाले में प्रकाश हरिनखेड़े (23 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, दुर्ग और डिकेश प्रसाद तिवारी (22 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft