रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने मुख्य प्रवक्ता पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 2 नवंबर 2026 को पार्टी की वरिष्ठ नेता डॉ. रेणु जोगी को संबोधित अपना त्यागपत्र सौंपा है। त्यागपत्र की प्रतिलिपि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी को भी भेजी गई है।
.jpeg)
अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने कहा है कि, निजी कारणों से वर्तमान में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय दे पाना संभव नहीं है। इसलिए उन्होंने बिना किसी कटुता, शिकायत अथवा व्यक्तिगत मतभेद के पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पद और प्राथमिक सदस्यता से स्वेच्छा से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।
बहुत कुछ सीखने को मिला
त्यागपत्र में उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताए समय को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि अजीत जोगी के सानिध्य में रहकर उन्हें राजनीति, जनसेवा, संघर्ष और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा मिली। उनके स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन के लिए उन्होंने जीवनभर कृतज्ञ रहने की बात कही है।
भगवानू नायक ने अपने पत्र में अमित जोगी और जोगी परिवार के प्रति भी आत्मीयता एवं सम्मान व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि, अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। उनके अनुसार जोगी परिवार के साथ उनके आत्मीय संबंध किसी राजनीतिक पद अथवा पार्टी की सदस्यता तक सीमित नहीं हैं और आगे भी बने रहेंगे।
मीडिया के माध्यम से उठाए कई मुद्दे
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य प्रवक्ता के रूप में उन्हें समाचार चैनलों, सार्वजनिक मंचों और मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनता, पार्टी तथा जोगी परिवार का पक्ष रखने का अवसर मिला। इस दौरान पार्टी के साथियों, मीडिया जगत और प्रदेश की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए उन्होंने आभार जताया है।
भगवानू नायक ने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया है कि उनका यह निर्णय पूरी तरह निजी कारणों से लिया गया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से त्यागपत्र स्वीकार करने का आग्रह किया है।
उनके इस फैसले के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) में राजनीतिक हलचल को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अपने त्यागपत्र में भगवानू नायक ने पार्टी नेतृत्व या संगठन के प्रति किसी तरह की नाराजगी अथवा राजनीतिक मतभेद का उल्लेख नहीं किया है।
रेलवे का बड़ा फेरबदल! दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल अब 8 नहीं, 5 नवंबर को चलेगी; ट्रेन नंबर भी बदला
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft