रायपुर। नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों पर अब परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का मामला सामने आया है। रायपुर के सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बी.एससी. नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर 1,000 से 1,500 रुपए तक अतिरिक्त शुल्क मांगे जाने की शिकायत ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पहले कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों की शिकायत सुनी और प्रबंधन को चेतावनी दी।
एक विषय के 1,000, दूसरे के 1,500 रुपए! विद्यार्थियों ने बताई परेशानी
निलेश चौहान के मुताबिक, विद्यार्थियों ने शिकायत की है कि सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक विषय के लिए 1,000 रुपए और दूसरे विषय के लिए 1,500 रुपए तक की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। सवाल यह है कि जब विश्वविद्यालय ने अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं, तो फिर विद्यार्थियों से यह रकम किस आधार पर मांगी जा रही है?
कुलपति के सामने उठाया मामला, विश्वविद्यालय के आदेश का दिया हवाला
निलेश चौहान ने पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय के आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 जनवरी 2026 का हवाला दिया। इस आदेश में स्पष्ट निर्देश हैं कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने अपने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को इस निर्देश का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
ऐसे में सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अतिरिक्त शुल्क मांगे जाने की शिकायत ने कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो यह विश्वविद्यालय के निर्देशों की खुली अवहेलना का मामला होगा।
निलेश बोले- अतिरिक्त वसूली लौटाएं, दोषियों पर हो कार्रवाई
निलेश चौहान ने कुलपति से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, विद्यार्थियों से अब तक वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए और जांच पूरी होने तक प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर किसी भी तरह की अतिरिक्त शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग के विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा और प्रैक्टिकल के नाम पर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगना उनके साथ अन्याय है। विश्वविद्यालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद यदि इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो यह विश्वविद्यालय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है।
कॉलेज से विश्वविद्यालय तक पहुंची लड़ाई, विद्यार्थियों के हक में आर-पार की चेतावनी
निलेश चौहान ने कहा कि शुक्रवार को कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन को चेतावनी दी गई थी और आज कुलपति के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) विद्यार्थियों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। विद्यार्थियों से एक-एक रुपये की अतिरिक्त वसूली भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब विश्वविद्यालय ने अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने का आदेश जारी किया है, तो उसका पालन कराना भी विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है।
रेलवे का बड़ा फेरबदल! दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल अब 8 नहीं, 5 नवंबर को चलेगी; ट्रेन नंबर भी बदला
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft