Tuesday ,November 03, 2026
होमछत्तीसगढ़श्मशान घाट में तंत्र साधना के आरोप पर बवाल, भीड़ ने अघोरी को बेरहमी से पीटा; हालत गंभीर...

श्मशान घाट में तंत्र साधना के आरोप पर बवाल, भीड़ ने अघोरी को बेरहमी से पीटा; हालत गंभीर

 Newsbaji  |  Nov 03, 2026 09:09 AM  | 
Last Updated : Nov 03, 2026 09:09 AM
तंत्र साधना के आरोप में कथित अघोरी की पिटाई, हालत गंभीर
तंत्र साधना के आरोप में कथित अघोरी की पिटाई, हालत गंभीर

बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट पर तंत्र साधना को लेकर जमकर बवाल हो गया। महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना करने के आरोप में ग्रामीणों ने एक कथित अघोरी की बेरहमी से पिटाई कर दी। भीड़ ने उसे जमीन पर घसीटा और लात-घूंसों से जमकर हमला किया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर पटककर की पिटाई
सामने आए वीडियो में कुछ लोग कथित अघोरी के बाल पकड़कर उसे घसीटते और जमीन पर पटककर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पिटाई इतनी गंभीर थी कि उसके मुंह से खून निकलने लगा। वीडियो भेजने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि आरोपी श्मशान घाट में महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना कर रहा था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने घायल को सिम्स में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताई आपसी रंजिश की वजह
इस पूरे मामले में पुलिस का बयान ग्रामीणों के आरोपों से अलग है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मारपीट की वजह आपसी रंजिश बताई गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी
श्मशान घाट में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। एक ओर महिला के शव के साथ कथित छेड़छाड़ और तंत्र साधना के आरोप चर्चा में हैं, तो दूसरी ओर कानून को हाथ में लेकर की गई सामूहिक मारपीट भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft