Tuesday ,November 03, 2026
होमछत्तीसगढ़भूपेश बघेल का भाजपा पर बड़ा हमला: बोले- ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं, देश की आत्मा को पहुंचाई चोट; महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी-CBI से पूछा- असली मालिक कौन?...

भूपेश बघेल का भाजपा पर बड़ा हमला: बोले- ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं, देश की आत्मा को पहुंचाई चोट; महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी-CBI से पूछा- असली मालिक कौन?

 Newsbaji  |  Nov 03, 2026 08:44 AM  | 
Last Updated : Nov 03, 2026 08:44 AM
पूर्व CM का भाजपा पर बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार और महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी-CBI को घेरा
पूर्व CM का भाजपा पर बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार और महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी-CBI को घेरा

रायपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में दो दिनों तक चले प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर लौट आए हैं। रायपुर पहुंचते ही उन्होंने केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे और राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी के कथित अपमान को लेकर उन्होंने कई गंभीर सवाल उठाए।

'ज्ञानेश कुमार बचेंगे नहीं, इस्तीफा देना ही पड़ेगा'
रामलीला मैदान में हुए प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि लगातार दो दिनों तक चले आंदोलन को पूरे देश ने देखा है। रविवार को निकली रैली वर्ष 1974 और 1994 में हुई बड़ी रैलियों से भी विशाल थी। देशभर से लाखों लोग दिल्ली पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की।

उन्होंने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने देश की आत्मा को चोट पहुंचाई है। इसकी सजा उन्हें भुगतनी पड़ेगी। बघेल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा। इसके बाद उन्हें अपने आकाओं के सामने जवाब देना होगा।

खाली मैदान दिखाने वालों पर साधा निशाना
रामलीला मैदान में बारिश और कीचड़ के कारण खाली पड़े हिस्से की तस्वीरें वायरल होने पर भी भूपेश बघेल ने मीडिया पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैदान के एक हिस्से में कीचड़ था, इसलिए वहां लोग खड़े नहीं थे। उसी खाली हिस्से की तस्वीरें लेकर यह प्रचार किया गया कि प्रदर्शन में भीड़ नहीं जुटी।

बघेल ने सवाल उठाया कि प्रदर्शन किस मुद्दे पर हुआ, वहां क्या चर्चा हुई और लोगों ने क्या संदेश दिया, इसकी खबर क्यों नहीं दिखाई गई? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर खाली कुर्सियों और मैदान की तस्वीरें दिखाकर आंदोलन को कमजोर बताने की कोशिश कर रहे थे।

मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम काटने का आरोप, चुनाव व्यवस्था पर सवाल
भूपेश बघेल ने मतदाता सूची में नाम काटे जाने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने दावा किया कि देश के छह राज्यों में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उनके मुताबिक करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

उन्होंने सवाल किया कि जब देश की आबादी लगातार बढ़ रही है, तो मतदाताओं की संख्या घट कैसे रही है? बघेल ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर सवाल बताया।

महादेव सट्टा ऐप: 'ईडी और सीबीआई बताएं, असली मालिक कौन?'
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की रिमांड को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि जांच आगे बढ़ेगी और मामले की परतें खुलेंगी, तो कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में वर्ष 2022 में इस मामले में एक-दो नहीं, बल्कि 72 एफआईआर दर्ज की गई थीं। उनकी सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग भी की थी।

बघेल ने ईडी की कार्रवाई और शुभम सोनी के कथित वीडियो का जिक्र करते हुए जांच एजेंसियों से सीधा सवाल किया। उन्होंने कहा कि शुभम सोनी वीडियो में खुद को मालिक बताता था और दूसरों को अपना नौकर कहता था। अब कुछ लोगों को प्रमोटर बताया जा रहा है। ऐसे में ईडी और सीबीआई को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर इस पूरे नेटवर्क का असली मालिक कौन है-शुभम सोनी या सौरभ चंद्राकर?

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां सरकार की मर्जी के मुताबिक कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है।

अमित शाह के दौरे पर भी उठाए सवाल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी भूपेश बघेल ने सवाल खड़े किए। सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय एजेंसियों की बड़ी कामयाबी बताने के दावों पर उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर पहले से ही ओमान की जेल में था। उसे वहां से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत भारत लाया गया है।

बघेल ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों ने उसे खोजकर गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि वह पहले से ही हिरासत में था और उसे प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाया गया।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft