रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज (मंगलवार) नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में भव्य समापन होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश की विभिन्न प्रतिभाओं और विभूतियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
राज्योत्सव के समापन समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, समाज सेवा, विज्ञान, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य अलंकरण समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं के सम्मान और उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 2:40 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे दोपहर 3 बजे पंडरी स्थित निजी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद शाम 4:50 बजे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचकर विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। शाम 6 बजे वे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और समापन समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात 8:20 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उषा बारले की पंडवानी और अभिजीत भट्टाचार्य की सुरीली आवाज से सजेगी शाम
राज्योत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खास धूम रहेगी। मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के कलाकार छत्तीसगढ़ी और मध्य भारतीय लोकसंगीत की मनमोहक प्रस्तुति देंगे।
शाम 6:30 बजे छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित उषा बारले अपनी विशेष प्रस्तुति से दर्शकों को लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराएंगी।
शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। इसके बाद रात 9 बजे बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी लोकप्रिय आवाज और गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
शिल्पग्राम में भी दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता
राज्योत्सव मैदान के शिल्पग्राम में भी दोपहर 3 बजे से 10 अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। वहीं रायपुर की प्रसिद्ध गायिका आस्था भट्ट अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत करेंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की विविध झलक देखने को मिलेगी।
रोशनी और लोकसंस्कृति के रंगों से जगमगाया राज्योत्सव मैदान
तीन दिवसीय राज्योत्सव के अंतिम दिन पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीकों से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच राज्य की कला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन किया जा रहा है।
कुम्हारी में तेल टैंकर पलटने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर भारी जाम, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
राहुल गांधी ने PM मोदी को फिर दी खुली बहस की चुनौती, बोले- 24 घंटे बीते, जवाब क्यों नहीं आया?
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft