बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान में बड़ा हादसा हो गया। छपरौली कस्बे के पट्टी कुरैशियान मोहल्ले में निर्माण कार्य के दौरान दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबने से ससुर-दामाद समेत 3 मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कपड़ा कारोबारी परवेज के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। पहली मंजिल के छज्जे पर राजमिस्त्री सुरेंद्र (65), उनके दामाद रोबिन (30) और मजदूर कल्लू (30) काम कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे तीनों मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सुरेंद्र और रोबिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कल्लू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा निर्माणाधीन मकान के छज्जे के अचानक ढहने से हुआ। हालांकि, छज्जा गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
2 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यशाला, डिजिटल तकनीकों से न्याय व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft