Thursday ,July 30, 2026
होमछत्तीसगढ़हाथियों का आतंक, ग्रामीण पर जानलेवा हमला, 20 से अधिक हाथियों के झुंड से घंटों थमा ट्रैफिक...

हाथियों का आतंक, ग्रामीण पर जानलेवा हमला, 20 से अधिक हाथियों के झुंड से घंटों थमा ट्रैफिक

 Newsbaji  |  Jul 30, 2026 07:45 PM  | 
Last Updated : Jul 30, 2026 07:45 PM
ग्रामीण पर हमला, बंगुरसिया के पास 20 से अधिक हाथियों के झुंड ने रोका यातायात
ग्रामीण पर हमला, बंगुरसिया के पास 20 से अधिक हाथियों के झुंड ने रोका यातायात

रायगढ़। जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों की मौजूदगी से दहशत का माहौल बन गया है। गुरुवार सुबह बंगुरसिया सर्किल में एक जंगली हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, रायगढ़-सुंदरगढ़ मार्ग पर 20 से अधिक हाथियों के झुंड के सड़क पार करने से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सुबह 4 बजे हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:00 बजे बंगुरसिया चौक के पास ग्रामीण प्रकाश साव अपने दो बेटों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आए जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड़ से जोरदार धक्का मारा, जिससे प्रकाश साव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। विभाग के अफसरों ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

20 से अधिक हाथियों के झुंड ने रोका यातायात
इधर, रायगढ़-सुंदरगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम बंगुरसिया के पास 20 से अधिक हाथियों का बड़ा झुंड सड़क पार करता दिखाई दिया। झुंड में कई शावक भी शामिल थे। सुरक्षा के मद्देनज़र मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft