रायपुर। नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे संगठित गिरोह के चौंकाने वाले कारनामे सामने आ रहे हैं। अब तक 7 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क नवजात बच्चों को खरीदने और बेचने के साथ उनकी पहचान और दस्तावेजों में भी हेराफेरी करता था। यहां तक कि गिरोह में कथित तौर पर ऊंची जाति के बच्चों की मांग की जाती थी और इसी मांग को पूरा करने के लिए जन्म प्रमाण-पत्र में जाति संबंधी जानकारी तक फर्जी तरीके से दर्ज कराई जाती थी।
ओडिशा पहुंची पुलिस, बच्चे को जन्म देने वाली महिला के परिजनों से पूछताछ
जांच के सिलसिले में पुलिस की टीम 24 नवंबर को ओडिशा पहुंची और उस महिला के घर जाकर पूछताछ की, जिसने नवजात को जन्म दिया था। आरोप है कि गिरोह ने महिला के बच्चे को बेचने का प्रयास किया था। पुलिस ने महिला के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही एक युवक को हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि इसी युवक ने मुफ्त में प्रसव कराने का झांसा देकर महिला को गिरोह के संपर्क में पहुंचाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को किस तरह नेटवर्क में फंसाया गया और इस पूरे सौदे में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
जितेंद्र खेतान ने खरीदा भी बच्चा, तीन बच्चों का कराया सौदा
आजाद चौक थाने में दर्ज मामले में पुलिस ने पहले जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह सिंडिकेट से बच्चे खरीदकर आगे उनका सौदा कराने के लिए दलाली करता था।
पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र ने खुद एक बच्चा खरीदा था। इसके अलावा उसने गिरोह से खरीदकर तीन अन्य बच्चों को भी बेचने में भूमिका निभाई थी। अब पुलिस उन तीन दंपत्तियों की तलाश कर रही है, जिन तक इन बच्चों को पहुंचाया गया था।
जितेंद्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमें महासमुंद, ओडिशा और बिलासपुर तक पहुंच चुकी हैं। संबंधित दंपत्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही बच्चों की बरामदगी और उनकी वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डेढ़ लाख रुपए में खरीदी गई बच्ची बरामद, DNA से खुलेगा असली मां का राज
इस पूरे मामले में एक बच्ची की खरीद-फरोख्त का मामला भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कृतिका से डेढ़ लाख रुपये में एक बच्ची खरीदी गई थी। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
अब बच्ची की वास्तविक मां की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की जैविक मां कौन है और उसे किन परिस्थितियों में दूसरे लोगों तक पहुंचाया गया था।
ऊंची जाति के बच्चों की मांग, जन्म प्रमाण-पत्र में भी फर्जीवाड़ा
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू गिरोह की कथित मांग से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि सिंडिकेट में ऊंची जाति के बच्चों की मांग की जाती थी। इसी मांग को पूरा करने के लिए बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र में जाति संबंधी जानकारी में कथित तौर पर हेराफेरी की जाती थी।
यानी बच्चे की वास्तविक पहचान कुछ और होती थी, जबकि दस्तावेजों में अलग जानकारी दर्ज कर सौदे को अंजाम दिया जाता था। इससे साफ है कि यह नेटवर्क केवल बच्चों की खरीद-फरोख्त तक सीमित नहीं था, बल्कि दस्तावेजों में फर्जीवाड़े के जरिए पूरे मामले को छिपाने की कोशिश भी की जा रही थी।
अब तीन दंपत्तियों और फर्जी दस्तावेज बनाने वालों तक पहुंचेगी जांच
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। तीन दंपत्तियों की तलाश, बेचे गए बच्चों की बरामदगी, जैविक माता-पिता की पहचान और फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र तैयार करने वालों की भूमिका जांच के प्रमुख बिंदु हैं।
सात गिरफ्तारियों के बाद भी जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में कितने लोग शामिल थे, बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए संपर्क कैसे स्थापित किए जाते थे और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों ने आर्थिक लाभ उठाया।
फिलहाल, इस मामले ने नवजात बच्चों की सुरक्षा और जन्म संबंधी दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से इस कथित सिंडिकेट के और भी चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
SC के आदेश पर जेल से रिहा हुए अमित बघेल, समर्थकों ने आतिशबाजी और ढोल-डीजे के साथ किया भव्य स्वागत
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft