रायपुर। हेट स्पीच के आरोपों में जेल में बंद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल सोमवार को रिहा हो गए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें जेल से रिहाई मिली। जेल से बाहर आते ही समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जेल परिसर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान आतिशबाजी की गई और ढोल-डीजे की धुन पर समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
जेल से बाहर निकलने के बाद अमित बघेल सीधे गुरुघासीदास बाबा चौक स्थित महतारी अंगना पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इस दौरान छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शहर के विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और सामाजिक संगठनों की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।
रिहाई के बाद सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान
जेल से रिहा होने के बाद अमित बघेल ने अपने राजनीतिक तेवर दिखाते हुए आने वाले दिनों में अडानी के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़िया लोगों के साथ अत्याचार किया जा रहा है।
अमित बघेल ने कहा कि, प्रदेश के लोगों को अब 2028 का इंतजार है। छत्तीसगढ़िया समाज के लोग आने वाले समय में इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आने वाले दिनों में पार्टी की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी बनेगी रणनीति
अमित बघेल ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों के संकेत देते हुए कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी बड़ी रणनीति तैयार की जा रही है। पार्टी आने वाले दिनों में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करेगी। अडानी के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन और सरकार विरोधी आंदोलन को लेकर भी आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।
हेट स्पीच के आरोप में दर्ज थीं कई FIR
गौरतलब है कि अमित बघेल हेट स्पीच के आरोपों के चलते जेल में बंद थे। उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में एफआईआर दर्ज की गई थीं। सुप्रीम कोर्ट से रिहाई का आदेश मिलने के बाद उनकी जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ। अब रिहाई के बाद उनके राजनीतिक बयानों और आगामी आंदोलन को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल तेज होने के आसार हैं।
शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस, विधायकों ने लगाए 589 सवाल
भीषण सड़क हादसा: डंपर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft