सक्ती। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रांग साइड से आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वालों में एक शिक्षक भी शामिल हैं।
रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में मृत तीनों व्यक्ति एक ही गांव दर्री के निवासी थे। मृतकों की पहचान हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और सेत कुमार पटेल (शिक्षक) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर दर्री गांव से किसी अन्य गांव में आयोजित रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में रांग साइड से आ रही बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस, विधायकों ने लगाए 589 सवाल
भीषण सड़क हादसा: डंपर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft