Saturday ,November 14, 2026
होमदेश-दुनियाराहुल गांधी का बड़ा दावा: ‘मेरे फोन में हैं सबूत, पीएम मोदी भी जानते हैं’; फिर दी वन-ऑन-वन डिबेट की चुनौती...

राहुल गांधी का बड़ा दावा: ‘मेरे फोन में हैं सबूत, पीएम मोदी भी जानते हैं’; फिर दी वन-ऑन-वन डिबेट की चुनौती

 Newsbaji  |  Nov 13, 2026 01:57 PM  | 
Last Updated : Nov 13, 2026 02:02 PM
राहुल गांधी ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री को दो  चुनौती
राहुल गांधी ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री को दो चुनौती

दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके फोन में ऐसे सबूत मौजूद हैं, जिनकी जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी है, क्योंकि उनके मुताबिक उनका फोन टैप किया जाता है। राहुल के इस बयान के बाद एक बार फिर देश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं।

दरअसल, राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही। यूजर ने उनसे पूछा था कि प्रधानमंत्री मोदी का आरोप है कि उन्हें विदेश से मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी खुद मोदी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों के दावों के समर्थन में सबूत क्या हैं?

इस सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास सभी तरह के आरोपों के सबूत मौजूद हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वन-ऑन-वन डिबेट से यह साफ हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है, देश विरोधी कौन है और कौन कब से ऐसी गतिविधियों में शामिल है

राहुल गांधी ने फिर दोहराई खुली बहस की चुनौती 

राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12 दिनों में वह सात बार इस तरह की चुनौती दोहरा चुके हैं। राहुल का कहना है कि जिस दिन प्रधानमंत्री उनके साथ वन-ऑन-वन डिबेट के लिए आएंगे, उस दिन देश के सामने सच्चाई आ जाएगी।

उन्होंने भाजपा के उस तर्क पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा जाता है कि राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा संसद में हो सकती है। राहुल गांधी का आरोप है कि संसद में उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जाता और कई बार उनका माइक्रोफोन तक बंद कर दिया जाता है।

टैपिंग को लेकर पहले भी लगा चुके हैं आरोप

राहुल गांधी ने फोन टैपिंग को लेकर भी पहले कई बार सवाल उठाए हैं। इस बार उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए दावा किया कि उनके फोन में मौजूद सबूतों की जानकारी प्रधानमंत्री को भी है। हालांकि, फोन टैपिंग के इस ताजा आरोप के समर्थन में उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई तकनीकी या स्वतंत्र रूप से सत्यापित प्रमाण पेश नहीं किया है।

राहुल गांधी के इस बयान ने राजनीतिक बहस को एक बार फिर गरमा दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा और केंद्र सरकार की ओर से उनके इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या प्रधानमंत्री मोदी राहुल गांधी की वन-ऑन-वन डिबेट की चुनौती स्वीकार करते हैं।

 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft