रायपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में मानव-हाथी संघर्ष की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच वन विभाग ने लंबे समय से दहशत का पर्याय बने ‘कबरा कान’ हाथी को लेकर बड़ा फैसला लिया है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन कार्यालय ने इस हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद अब वन विभाग हाथी की लोकेशन, विचरण क्षेत्र और गतिविधियों पर लगातार नजर रख सकेगा। उम्मीद है कि इसकी मदद से हाथी के संभावित मूवमेंट का पहले से पता लगाकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा सकेगा।
इस बीच हाथी के हमले में एक और महिला की मौत ने इलाके में दहशत बढ़ा दी है। 11 नवंबर की रात सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र के श्यामनगर गांव में हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि हाथी गांव के भीतर घुस आया था। उसके आने की खबर से ग्रामीण जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग रहे थे। इसी अफरा-तफरी के बीच महिला हाथी की चपेट में आ गई।
6 महीने में 16 लोगो की मौत
वन विभाग के आदेश में स्वीकार किया गया है कि ‘कबरा कान’ हाथी के कारण सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा वनमंडल में मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर स्थिति बनी हुई है। हाथी के हमलों में लोगों की जान जाने के साथ-साथ ग्रामीणों की फसलों और मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पिछले छह महीनों में इस हाथी के हमलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही जनहानि के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है और हाथी की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग उठ रही थी
हाथी की गतिविधियों और मूवमेंट पैटर्न को समझने के लिए अब वन विभाग वैज्ञानिक प्रबंधन की रणनीति अपनाने जा रहा है। इसके तहत विशेषज्ञों की निगरानी में हाथी को ट्रैंकुलाइज किया जाएगा और उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा।
रेडियो कॉलर लगने के बाद वन विभाग को हाथी की लोकेशन, उसके विचरण क्षेत्र और दैनिक गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि हाथी किस दिशा में जा रहा है और किन गांवों या आबादी वाले क्षेत्रों की ओर उसके पहुंचने की आशंका है।
कितनी बदलेगी समस्या?
कबरा कान’ हाथी पर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब सरगुजा संभाग में मानव-हाथी संघर्ष लगातार गंभीर रूप ले रहा है। रेडियो कॉलर से हाथी की लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग के पास अलर्ट जारी करने और बचाव की तैयारी के लिए बेहतर जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
हालांकि, इस पूरी कवायद की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि हाथी की लोकेशन मिलने के बाद वन अमला कितनी तेजी से गांवों तक सूचना पहुंचाता है और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहती है।
फिलहाल सरगुजा संभाग के ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग का यह वैज्ञानिक कदम हाथियों के आतंक से राहत दिलाने और बेशकीमती जिंदगियां बचाने में कारगर साबित होगा।
टीला एनीकट में समाई कार, पति-पत्नी समेत चार की दर्दनाक मौत; बुझ गए घर के चार चिराग
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft