रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों में कुल 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सहायक ग्रेड-3 के सबसे ज्यादा 1,206 पद
जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती में अलग-अलग श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक 1,206 पद हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अन्य पदों का विवरण इस प्रकार है-
सहायक ग्रेड-3 – 1,206 पद
सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) – 279 पद
शीघ्रलेखक (हिंदी) – 30 पद
उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) – 34 पद
स्टेनो टाइपिस्ट – 23 पद
डाटा एंट्री ऑपरेटर – 25 पद
शीघ्रलेखक (द्विभाषी) – 13 पद
पंजीयक लिपिक – 50 पद
सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) – 40 पद
शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) – 3 पद
27 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को सुधार का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस
इस भर्ती की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि परीक्षा में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क की वापसी उसी बैंक खाते में की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी ने ऑनलाइन भुगतान किया होगा।
यहां देखें भर्ती की पूरी जानकारी
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पदों की पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन से अवश्य प्राप्त कर लें।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, आधिकारिक अधिसूचना और ऑनलाइन आवेदन के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जाएं।
भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो कारों और ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो की मौत; तीन गंभीर घायल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft