Wednesday ,November 04, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में NEET-PG की सीट आवंटन सूची जारी, टॉप-10 में 6 को मेडिसिन और 3 को रेडियो डायग्नोसिस; 10 नवंबर तक एडमिशन...

छत्तीसगढ़ में NEET-PG की सीट आवंटन सूची जारी, टॉप-10 में 6 को मेडिसिन और 3 को रेडियो डायग्नोसिस; 10 नवंबर तक एडमिशन

 Newsbaji  |  Nov 04, 2026 08:25 AM  | 
Last Updated : Nov 04, 2026 08:25 AM
CG NEET पीजी काउंसिलिंग में मेडिसिन और रेडियो डायग्नोसिस की पहली पसंद
CG NEET पीजी काउंसिलिंग में मेडिसिन और रेडियो डायग्नोसिस की पहली पसंद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MD-MS यानी पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीट आवंटन सूची जारी कर दी गई है। इस बार नीट पीजी के टॉप-10 अभ्यर्थियों की पहली पसंद जनरल मेडिसिन और रेडियो डायग्नोसिस रही है। टॉप-10 में 6 अभ्यर्थियों को जनरल मेडिसिन, 3 को रेडियो डायग्नोसिस और एक को डर्मेटोलॉजी (स्किन) की सीट मिली है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 नवंबर तक प्रवेश लेना होगा। वहीं, तीन निजी मेडिकल कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया नवा रायपुर स्थित हेल्थ साइंस विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।

मेडिसिन और रेडियो डायग्नोसिस का दबदबा
नीट पीजी में देशभर के टॉप-50 अभ्यर्थियों के बीच जनरल मेडिसिन सबसे पसंदीदा विषय बना हुआ है। इसके बाद रेडियो डायग्नोसिस का स्थान है। छत्तीसगढ़ में भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पिछले साल प्रदेश के टॉप-10 अभ्यर्थियों में 6 ने जनरल मेडिसिन और 4 ने रेडियो डायग्नोसिस को चुना था। खास बात यह थी कि पहली बार टॉप-10 में शामिल सभी अभ्यर्थियों ने केवल इन दो विषयों को प्राथमिकता दी थी। इस बार टॉपर ने रेडियो डायग्नोसिस की सीट चुनी है।

30 बोनस अंकों के साथ महिला डॉक्टर बनी टॉपर
इस बार की काउंसिलिंग में सबसे अधिक चर्चा इनसर्विस कैटेगरी की महिला डॉक्टर के टॉप करने को लेकर है। उन्हें 30 बोनस अंक मिले हैं। बोनस अंकों के सहारे किसी महिला डॉक्टर के टॉप करने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इससे पहले सामान्य तौर पर एमबीबीएस के बाद सीधे नीट पीजी में शामिल होने वाले फ्रेशर अभ्यर्थी टॉप-10 में जगह बनाते रहे हैं।

इनसर्विस डॉक्टरों को मिलने वाले बोनस अंकों को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं। पूर्व में अधिक बोनस अंक मिलने के कारण अभ्यर्थियों को बेहतर सीटें आवंटित होने पर शिकायतें सामने आई थीं। कुछ मामलों में शिकायत के बाद सीटों में बदलाव हुआ या अभ्यर्थियों की रैंकिंग प्रभावित हुई। हालांकि, इस बार बोनस अंकों को लेकर अब तक कोई शिकायत सामने नहीं आई है।

दिवाली के बीच पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया
पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो चुकी है, जो 10 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान 8 नवंबर को दिवाली पड़ रही है। रविवार होने के कारण इस दिन प्रवेश प्रक्रिया जारी रहने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। काउंसिलिंग से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों का मानना है कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर अवकाश दिया जाना चाहिए।

वहीं, 9 नवंबर को कोई प्रमुख त्योहार नहीं है, जबकि 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज मनाई जाएगी। हालांकि, पूर्व में सरकारी छुट्टियों के दौरान भी काउंसिलिंग प्रक्रिया जारी रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों की नजर प्रवेश कार्यक्रम से जुड़े आधिकारिक निर्देशों पर रहेगी।

क्लीनिकल विषयों की बढ़ रही मांग, नॉन-क्लीनिकल सीटें खाली
मेडिकल पीजी में जनरल मेडिसिन और रेडियो डायग्नोसिस जैसे विषयों की मांग लगातार बढ़ रही है। इस बार टॉप-10 में किसी भी अभ्यर्थी ने ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (स्त्री एवं प्रसूति रोग) और पीडियाट्रिक्स (शिशु रोग) को प्राथमिकता नहीं दी है। वहीं, डर्मेटोलॉजी यानी त्वचा रोग भी छात्रों की पसंद में शामिल हो रहा है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, छात्र अब ऐसे विषयों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनमें भविष्य में निजी प्रैक्टिस और बेहतर करियर की संभावनाएं हों। इसके उलट नॉन-क्लीनिकल विषयों की सीटें खाली रहने की स्थिति बन रही है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft