रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी का सोशल मीडिया पर किया गया एक वीडियो पोस्ट राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
मंगलवार को भाजपा विधायक राजेश मूणत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सिविल लाइंस थाना पहुंचा। यहां पुलिस अफसरों को ज्ञापन सौंपकर संबंधित वीडियो के मामले में कार्रवाई की मांग की गई। भाजपा का आरोप है कि अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक सामग्री पोस्ट की है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
वीडियो बनाने और पटकथा लिखने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
भाजपा ने अपनी शिकायत में मांग की है कि विवादित वीडियो बनाने, उसकी पटकथा तैयार करने और उसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने गरिमामय संवैधानिक पदों का अपमान किया है। पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की गई है। यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होती है तो भाजपा आगे बड़ा आंदोलन करेगी।
विवाद के बाद अमित जोगी ने हटाया वीडियो, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट के जरिए माफी मांगते हुए कहा कि अपनी बात रखने का उनका तरीका सही नहीं था। जिस संदेश को वे देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था।
उन्होंने कहा कि व्यंग्य की भी एक सीमा होती है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने पोस्ट हटा दी। साथ ही उन्होंने उन सभी लोगों से क्षमा मांगी, जिनकी भावनाएं इस पोस्ट से आहत हुई हैं।
SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर साधा था निशाना
दरअसल, अमित जोगी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि SIR के नाम पर चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। इसी मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। इसी वीडियो को लेकर अब राजनीतिक विवाद गहरा गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft