Monday ,November 09, 2026
होमछत्तीसगढ़टीला एनीकट में समाई कार, पति-पत्नी समेत चार की दर्दनाक मौत; बुझ गए घर के चार चिराग...

टीला एनीकट में समाई कार, पति-पत्नी समेत चार की दर्दनाक मौत; बुझ गए घर के चार चिराग

 Newsbaji  |  Nov 09, 2026 11:21 AM  | 
Last Updated : Nov 09, 2026 11:21 AM
कार पानी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
कार पानी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

रायपुर। जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार देर रात अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट में एक कार अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से रायपुर से लेकर गरियाबंद तक शोक की लहर दौड़ गई है।

देर रात 1:15 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार देर रात करीब 1:15 बजे गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की चंपारण पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम टीला एनीकट के पास हुआ। रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू (40), बेटी पूर्वा साहू (22) और बेटे विकास साहू (19) के साथ कार में सवार थे।

इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और टीला एनीकट के नीचे पानी में जा गिरी। देखते ही देखते कार पानी में डूब गई। इस हादसे में कार में सवार चारों लोगों की जान चली गई।

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से मातम
मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटी पूर्वा साहू और बेटे विकास साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार का मूल निवास ग्राम पासौद, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद में है। वर्तमान में परिवार रायपुर के लक्ष्मीनगर में रह रहा था।

हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। पति-पत्नी के साथ जवान बेटे और बेटी की मौत से परिजनों और रिश्तेदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की वजह अब भी रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल कार अनियंत्रित होकर एनीकट में किन परिस्थितियों में गिरी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft