Monday ,November 09, 2026
होमदेश-दुनियादीपावली की शाम आंगन से 12 वर्ष के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव; गांव में दहशत...

दीपावली की शाम आंगन से 12 वर्ष के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव; गांव में दहशत

 Newsbaji  |  Nov 09, 2026 11:56 AM  | 
Last Updated : Nov 09, 2026 11:56 AM
दीपावली की शाम 12 वर्ष के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह झाड़ियों में मिला शव
दीपावली की शाम 12 वर्ष के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ, सुबह झाड़ियों में मिला शव

लखीमपुर खीरी। जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर के आंगन में पटाखे जला रहे 12 वर्षीय बच्चे को तेंदुआ उठाकर ले गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार शाम करीब 7:00 बजे गोला थाना क्षेत्र के जमुनाबाद फार्म की है। मृतक की पहचान रोहित कुमार (12) के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दीपावली के अवसर पर रोहित घर के आंगन में पटाखे और फुलझड़ी जला रहा था, जबकि उसके माता-पिता घर के अंदर दीपावली के पकवान बनाने में व्यस्त थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक तेंदुआ गन्ना शोध केंद्र की बाउंड्री पार कर घर के आंगन में घुस आया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही तेंदुए ने रोहित को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे लेकर भाग गया। अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई।

रातभर टॉर्च लेकर तलाशते रहे ग्रामीण
बच्चे के गायब होने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में खेतों, गन्ने के खेतों और आसपास की झाड़ियों में तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन चलती रही, लेकिन रोहित का कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में रोहित का शव बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, शव तीन टुकड़ों में था। बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गई, वहीं पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दीपावली के दिन जिस आंगन में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। गांव के लोग भी इस घटना से सहमे हुए हैं और उन्हें आसपास तेंदुए की मौजूदगी का डर सता रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, वन विभाग की टीम क्षेत्र में तेंदुए की तलाश और निगरानी में जुटी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft