Saturday ,November 07, 2026
होमकारोबारधनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा! देशभर में 1.25 लाख करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान, मुंबई में 11 हजार करोड़ की बिक्री...

धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा! देशभर में 1.25 लाख करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान, मुंबई में 11 हजार करोड़ की बिक्री

 Newsbaji  |  Nov 07, 2026 09:27 AM  | 
Last Updated : Nov 07, 2026 09:27 AM
धनतेरस पर देशभर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। कारोबार 1.25 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचने का अनुमान, जबकि मुंबई में 11 हजार करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई।
धनतेरस पर देशभर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। कारोबार 1.25 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचने का अनुमान, जबकि मुंबई में 11 हजार करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई।

रायपुर/दिल्ली। धनतेरस पर देशभर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा ने बाजारों में ऐसी रफ्तार पकड़ी कि सुबह से देर रात तक दुकानों और शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर कार, दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, क्रॉकरी, ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयों और पूजन सामग्री तक की जमकर खरीदारी हुई। व्यापारिक संगठनों के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस धनतेरस पर देशभर में कारोबार का आंकड़ा 1.25 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचने की उम्मीद है। पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि का अनुमान लगाया जा रहा है।

सोना-चांदी की चमक से बाजार गुलजार
धनतेरस पर सबसे ज्यादा आकर्षण सोने और चांदी की खरीदारी को लेकर रहा। कीमतों में तेजी के बावजूद लोगों ने शुभ अवसर पर कीमती धातुओं की खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई। व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के शुरुआती आकलन के अनुसार, अकेले सोने और चांदी की बिक्री से 60 हजार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। इस बार बाजार में 14 और 18 कैरेट सोने के आभूषणों की मांग ज्यादा देखने को मिली। सोने की ऊंची कीमतों के बीच ग्राहक कम वजन और किफायती विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मुंबई में 11 हजार करोड़ का कारोबार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी धनतेरस का उत्साह चरम पर रहा। यहां ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान के बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में धनतेरस पर करीब 11 हजार करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज किया गया। बाजारों में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।

भोपाल में भी जमकर बरसा धन
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में धनतेरस पर बाजारों की रौनक देखते ही बन रही थी। ड्राई फ्रूट्स, तेल, किराना और पूजन सामग्री से लेकर सोना-चांदी, कार, दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, क्रॉकरी और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। व्यापारिक संगठनों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में धनतेरस के अवसर पर 4,500 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के बड़े शहरों में 26 हजार से अधिक वाहनों की बिक्री की जानकारी सामने आई है।

लखनऊ में 2,800 करोड़ का व्यापार, 15 से 20 फीसदी की वृद्धि
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी धनतेरस पर बाजारों में खूब रौनक रही। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के मुताबिक, लखनऊ में इस अवसर पर करीब 2,800 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार व्यापार में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारियों ने विशेष छूट और आकर्षक ऑफर दिए। ज्वेलरी बाजार में इस बार हल्के वजन के गहनों की मांग खास तौर पर अधिक रही।

रायपुर में लौटी बाजारों की रौनक, 12 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। कीमतों में नरमी आते ही सराफा बाजार में खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई। सदर बाजार और गोलबाजार में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी, वहीं मालवीय रोड स्थित ज्वेलरी शोरूम में भी ग्राहकों का तांता लगा रहा।

लोग सोने-चांदी के आभूषणों के साथ त्योहार से जुड़ी शुभ वस्तुओं की खरीदारी करते नजर आए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, रायपुर में धनतेरस पर करीब 12 हजार करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft