Monday ,November 23, 2026
होमदेश-दुनियाभीषण सड़क हादसा: डंपर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल...

भीषण सड़क हादसा: डंपर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल

 Newsbaji  |  Nov 23, 2026 10:23 AM  | 
Last Updated : Nov 23, 2026 10:23 AM
भीषण सड़क हादसा, डंपर में घुसी स्विफ्ट कार, 4 की मौत और 3 घायल
भीषण सड़क हादसा, डंपर में घुसी स्विफ्ट कार, 4 की मौत और 3 घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दहशत फैला दी। मथुरा में तेज रफ्तार कार खड़े डंपर से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हापुड़ में अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।

मथुरा में डंपर से टकराई स्विफ्ट कार, चार की मौत
जिले में नेशनल हाईवे-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना जैंत क्षेत्र में निर्फाद हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार हाईवे पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

हापुड़ में अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक हाईवे पर पलटा
दूसरी घटना हापुड़ जिले में सामने आई, जहां अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे-9 पर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक हापुड़ से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था। इसी दौरान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक हाईवे पर पलट गया।

हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft