कांकेर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले बिचौलिए इमरान मेमन को भी ACB ने गिरफ्तार किया है। जगदलपुर ACB की टीम ने 21 नवंबर को सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
ई-वे बिल के मामले में मांगी थी 1.50 लाख रुपए की रिश्वत
मिली जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके वाहन को ई-वे बिल से संबंधित मामले में रोके जाने के बाद रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के बदले 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से ACB से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना तैयार की।
बिचौलिए के जरिए पहुंचाई गई रिश्वत की रकम
21 नवंबर को ACB जगदलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उनके निवास पर 1 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया। बताया गया है कि रिश्वत की यह रकम बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई गई थी।
जांच के दौरान इमरान मेमन (30 वर्ष), निवासी संजय नगर, कांकेर की भूमिका सामने आई। इसके बाद ACB ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
आय से अधिक संपत्ति के संदेह में निवास पर तलाशी
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद ACB की टीम ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। तलाशी में मिलने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
ACB के मुताबिक, आरोपी अंचला गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के संदेह से जुड़े पहलू की भी अलग से जांच जारी है।
पाटन में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत, गांव में पसरा मातम
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft