दुर्ग। जिले के पाटन में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव भुरकुनी लौट रहे थे। इसी दौरान अमलेश्वर रोड पर सामने से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके से अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में दंपती की मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।
महामाया चौक के आगे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे पाटन के महामाया चौक के आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास हुआ। द्रोणाचार्य साहू अपनी पत्नी तामेश्वरी साहू के साथ बाइक क्रमांक CG04-QN-116 से ग्राम कौही, रानीतराई में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव भुरकुनी लौट रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल बस क्रमांक CG04-RC-1135 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही पति को मृत घोषित किया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और 112 की सहायता से दोनों को पाटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू की हालत बेहद गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज के बाद तामेश्वरी की जान बच जाएगी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई।
बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल बस चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है। बताया गया है कि इसी दौरान बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है। एक ही सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत से भुरकुनी गांव में मातम पसरा हुआ है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft