रायपुर। प्रदेश में अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चिचोला पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महाराष्ट्र की दो महिलाओं को 8 किलो 224 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की रात चिचोला बस स्टैंड के पास पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी थी। इसी दौरान दो महिलाएं गांजा तस्करी के संदेह में पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। पूछताछ में उनकी पहचान आशा सुनील काडे (28 वर्ष), निवासी बोरगांव, जिला बीड (महाराष्ट्र) और गौरी भगवान काले (45 वर्ष), निवासी जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।
रायपुर से बस में पहुंची थीं दोनों महिलाएं
पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं बस से रायपुर से चिचोला पहुंची थीं। यहां वे कथित तौर पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही थीं। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें खाकी टेप से लिपटे प्लास्टिक के पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।
अलग-अलग बैग से मिला 8.224 किलो गांजा
पुलिस ने तलाशी के दौरान आशा सुनील काडे के कब्जे से 4.110 किलोग्राम और गौरी भगवान काले के पास से 4.114 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस तरह दोनों महिलाओं के कब्जे से कुल 8.224 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख 500 रुपए आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों जेल भेजी गईं
कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चिचोला पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों और इस नेटवर्क के बारे में भी जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में महंगा हुआ दूध, देवभोग ने बढ़ाए दाम, 2 रुपए तक की बढ़ोतरी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft