Wednesday ,November 25, 2026
होमछत्तीसगढ़धर्मांतरण पर फिर गरमाई सियासत, 4 ग्राम पंचायतों में पास्टर-फादर और सिस्टर की एंट्री पर रोक के लगे बोर्ड...

धर्मांतरण पर फिर गरमाई सियासत, 4 ग्राम पंचायतों में पास्टर-फादर और सिस्टर की एंट्री पर रोक के लगे बोर्ड

 Newsbaji  |  Nov 25, 2026 11:14 AM  | 
Last Updated : Nov 25, 2026 11:14 AM
जिले की 4 ग्राम पंचायतों में पास्टर-फादर और सिस्टर के प्रवेश पर रोक के लगे बोर्ड
जिले की 4 ग्राम पंचायतों में पास्टर-फादर और सिस्टर के प्रवेश पर रोक के लगे बोर्ड

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धर्मांतरण का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है। आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक पहचान को लेकर जिले में नया विवाद खड़ा हो गया है। जिले की चार ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद गांवों के प्रवेश मार्गों पर ऐसे बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में प्रवेश पर रोक की बात कही गई है। इन बोर्डों को लेकर जहां आदिवासी समाज के कुछ लोग इसे अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं, वहीं ईसाई आदिवासी महासभा ने इसका विरोध करते हुए इसे समाज को बांटने की कोशिश करार दिया है।

जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले की सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने ग्रामसभा की बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद गांवों के प्रवेश मार्गों पर संबंधित बोर्ड लगाए गए। इन बोर्डों पर पास्टर, फादर और सिस्टर के प्रवेश पर प्रतिबंध संबंधी संदेश के साथ पेसा कानून 1996 और ग्रामसभा के अधिकारों का भी उल्लेख किया गया है। बताया जा रहा है कि जशपुर विधायक रायमुनी भगत की मौजूदगी में भी बोर्ड लगाए गए।

आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का तर्क
बोर्ड लगाने का समर्थन कर रहे आदिवासी समाज के कुछ लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और सामाजिक पहचान को संरक्षित करना जरूरी हो गया है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में धर्मांतरण की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आदिवासी समाज की मूल परंपराओं पर असर पड़ रहा है। इसी के मद्देनजर ग्रामीणों को जागरूक करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

आदिवासी नेता संतन भगत ने कहा कि धर्मांतरण रोकने और आदिवासी समाज की पुरानी परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक होना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी मूल पहचान से जुड़ी रहें।

दूसरे गांवों में भी लगाए जाएंगे ऐसे बोर्ड
चार ग्राम पंचायतों में बोर्ड लगाए जाने के बाद अब जिले की अन्य पंचायतों में भी इसी तरह की पहल करने की तैयारी की जा रही है। आदिवासी नेताओं का कहना है कि इस अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसके जरिए ग्रामीणों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यवस्था और सामाजिक पहचान के संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।

ईसाई आदिवासी महासभा ने जताई आपत्ति, बताया समाज को बांटने वाला कदम
दूसरी ओर, इन बोर्डों को लेकर ईसाई आदिवासी महासभा ने कड़ा विरोध जताया है। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा का कहना है कि इस तरह के बोर्ड लगाकर समाज के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि धर्मांतरण को लेकर कोई चिंता है तो लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए, लेकिन किसी विशेष समुदाय के लोगों के गांव में प्रवेश पर रोक लगाने जैसे कदम उचित नहीं हैं।

अनिल किस्पोट्टा के मुताबिक, केवल गांवों के प्रवेश मार्गों पर बोर्ड लगा देने से धर्मांतरण जैसी समस्या का समाधान नहीं होगा। इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और आपसी दूरियां बढ़ सकती हैं।

संस्कृति की सुरक्षा बनाम सामाजिक विभाजन, आमने-सामने दो पक्ष
जशपुर में धर्मांतरण का मुद्दा पहले भी कई बार सामाजिक और राजनीतिक विवाद का कारण बन चुका है। अब चार ग्राम पंचायतों में लगाए गए इन बोर्डों ने एक बार फिर इस बहस को हवा दे दी है। एक पक्ष इसे आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पहचान की रक्षा से जोड़कर देख रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे सामाजिक विभाजन और समुदाय विशेष के प्रति भेदभाव का प्रयास बता रहा है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft