Friday ,November 27, 2026
होमदेश-दुनियाUP Election 2027: लाल टोपी और नीले गमछे में नजर आए अखिलेश यादव, PDA के जरिए सपा ने चला बड़ा सियासी दांव; 25 लाख नौकरी और 40 हजार पेंशन का ऐलान...

UP Election 2027: लाल टोपी और नीले गमछे में नजर आए अखिलेश यादव, PDA के जरिए सपा ने चला बड़ा सियासी दांव; 25 लाख नौकरी और 40 हजार पेंशन का ऐलान

 Newsbaji  |  Nov 27, 2026 09:28 AM  | 
Last Updated : Nov 27, 2026 09:28 AM
लाल टोपी और नीले गमछे में अखिलेश यादव, PDA प्रणपत्र से 2027 की चुनावी तैयारी तेज
लाल टोपी और नीले गमछे में अखिलेश यादव, PDA प्रणपत्र से 2027 की चुनावी तैयारी तेज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र’ जारी कर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समीकरण को मजबूत करने का संदेश दिया। घोषणा पत्र जारी करने के दौरान अखिलेश यादव का अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा। वह लाल टोपी और नीला गमछा पहने नजर आए। राजनीतिक जानकार इसे बहुजन राजनीति और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं।

इस कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की मौजूदगी भी खास चर्चा में रही। पार्टी ने अपने घोषणापत्र के जरिए युवाओं, किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को केंद्र में रखकर कई बड़े वादे किए हैं। रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और किसान हितों को इस प्रणपत्र की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा
अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। इसके अलावा दो से तीन करोड़ लोगों को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी ने कहा है कि स्नातक बेरोजगार युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा।

भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी सपा ने कई घोषणाएं की हैं। पार्टी के मुताबिक, सभी भर्ती परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराई जाएंगी। एक परीक्षा वाली भर्ती प्रक्रिया तीन महीने और एक से अधिक परीक्षा वाली भर्तियों की प्रक्रिया छह महीने में पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही तय करने का भी वादा किया गया है।

बुजुर्ग महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए
महिलाओं और बुजुर्गों को साधने के लिए भी सपा ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने बुजुर्ग महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए पेंशन देने का वादा किया है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने की बात कही गई है। इसके अलावा प्रदेश में समाजवादी कैंटीन शुरू करने का प्रस्ताव है, जहां लोगों को पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।

सरकारी ठेकों में PDA को 50 फीसदी आरक्षण
सपा के प्रणपत्र में PDA वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी ने 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में PDA वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है। इसके जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश देने की कोशिश की गई है।

किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
किसानों के लिए भी घोषणापत्र में कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। सपा ने किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP की कानूनी गारंटी देने की बात कही है। इसके साथ ही आलू, प्याज और टमाटर जैसी फसलों के दाम गिरने पर किसानों को राहत देने के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था लागू करने का वादा किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े ऐलान
समाजवादी पार्टी ने शिक्षा को लेकर राज्य शिक्षा नीति 2027 लाने की घोषणा की है। पार्टी ने KG से PG तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने और पहली कक्षा से ही अंग्रेजी की पढ़ाई शुरू कराने का वादा किया है।

PDA और गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिक्षा राज्य नीति लाने की बात भी कही गई है। इसके अलावा सरकारी विभागों में खाली पदों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरने का भरोसा दिया गया है।

संविधान और सामाजिक न्याय पर अखिलेश का जोर
घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने संविधान को लेकर भी अपनी बात रखी। संविधान दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनविधान से नहीं। उन्होंने संविधान बदलने की साजिशों को कभी कामयाब नहीं होने देने की बात कही और कहा कि संविधान संशोधन के नाम पर चल रही साजिशों का जवाब जनता देगी।

PDA के जरिए 2027 की चुनावी तैयारी
समाजवादी पार्टी का यह प्रणपत्र केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की राजनीतिक रणनीति का संकेत भी माना जा रहा है। लाल टोपी के साथ नीले गमछे में अखिलेश यादव की मौजूदगी और मंच पर वरिष्ठ नेता आजम खान की उपस्थिति के जरिए पार्टी ने सामाजिक न्याय और बहुजन राजनीति का संदेश देने की कोशिश की है।

रोजगार, पेंशन, शिक्षा, किसानों की आय और सरकारी ठेकों में आरक्षण जैसे मुद्दों को सामने रखकर सपा ने PDA वर्ग के साथ युवाओं और महिलाओं को भी अपने राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने की रणनीति दिखाई है। अब देखना होगा कि ये चुनावी वादे प्रदेश की जनता को कितना प्रभावित करते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका कितना राजनीतिक लाभ मिलता है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft