रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और गड़बड़ी मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खाद्य एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को खसरा एवं फसल संबंधी विसंगतियों के निराकरण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
15 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी खसरा मैपिंग
जारी निर्देशों के मुताबिक प्रदेश में खसरा मैपिंग की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी। इसके तहत राजस्व अभिलेखों का डिजिटल मिलान किया जाएगा, जिससे प्रत्येक खेत में बोई गई फसल और उसके वास्तविक रकबे का सटीक रिकॉर्ड तैयार हो सके।
इस प्रक्रिया के तहत तहसीलदारों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज जानकारी का वास्तविक फसल और रकबे से भौतिक मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। फसल संबंधी दावे और आपत्तियों का निराकरण भी मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।
अन्य फसल दर्ज, लेकिन धान बोने का दावा तो होगी खेतों की जांच
प्रशासन का विशेष फोकस ऐसे किसानों पर रहेगा, जिनके राजस्व रिकॉर्ड में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन उन्होंने खेत में धान की फसल बोने का दावा किया है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को खेतों में पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करनी होगी।
सत्यापन के दौरान मौका पंचनामा तैयार करना और खेतों के फोटोग्राफ लेना अनिवार्य किया गया है। इससे जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और भविष्य में किसी तरह के विवाद की आशंका भी कम होगी।
30 नवंबर तक शासन को देनी होगी सत्यापित जानकारी
सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों की सत्यापित एवं अद्यतन जानकारी 30 नवंबर 2026 तक शासन को उपलब्ध कराएं। इसके बाद प्राप्त जानकारी के आधार पर धान खरीदी की आगामी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
9 दिन में 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी
इधर, प्रदेश में धान खरीदी का महाअभियान भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। खरीदी शुरू होने के महज 9 दिनों के भीतर यानी 23 नवंबर तक राज्य में 2 लाख 78 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इस दौरान 70 हजार 979 से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच चुके हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, अकेले 23 नवंबर को प्रदेशभर में करीब 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।
किसानों की सुविधा के लिए खोले गए 360 नए उपार्जन केंद्र
धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने इस सीजन में 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से खरीदी व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने और किसानों को नजदीक में ही धान बेचने की सुविधा देने का प्रयास किया गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft