रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1280 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे उसे कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक, विकास अग्रवाल पहले बोस्टन कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। शराब घोटाले में उसकी अहम भूमिका सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा था। EOW ने कोर्ट में आरोपी की रिमांड की मांग की थी, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने 30 नवंबर तक पूछताछ की अनुमति दे दी। अब जांच एजेंसी उससे शराब सिंडिकेट और कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ करेगी।
दुबई से हुई थी गिरफ्तारी
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, बीते 13 नवंबर को विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई UAE के अधिकारियों ने की थी। इसके बाद उसे भारत लाया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले की जांच कर रहा है। ED के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट का अहम हिस्सा था और वित्तीय मैनेजर की भूमिका निभा रहा था।
आरोप है कि वह डिस्टलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए शराब कारोबार में बड़े पैमाने पर अवैध वसूली की गई।
शराब की हर पेटी पर होती थी कथित वसूली
छत्तीसगढ़ के इस चर्चित शराब घोटाले का मामला वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुखता से सामने आया था। जांच में कथित तौर पर शराब सिंडिकेट के जरिए सरकारी शराब दुकानों तक अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने के आरोप लगे।
मामले में आरोप है कि वर्ष 2019 में शराब की हर पेटी पर 75 रुपए और बाद के वर्षों में 100 रुपए तक की अवैध वसूली की जाती थी। इसके अलावा डिस्टलरी संचालकों से कमीशन लेने, नकली होलोग्राम लगी शराब सरकारी दुकानों में खपाने और कम क्षेत्र में शराब की सप्लाई दिखाकर अधिक कमाई करने जैसे आरोप भी सामने आए हैं।
कई बड़े नाम जांच के दायरे में
इस मामले में अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन प्रबंध संचालक एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर सहित कई लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर शराब कारोबार में एक संगठित सिंडिकेट संचालित किया था।
अब विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू की गिरफ्तारी और EOW की रिमांड को इस मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। जांच एजेंसी उससे पूछताछ कर कथित सिंडिकेट के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े अहम सुराग जुटाने की कोशिश करेगी।
धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं! सरकार ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft