रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार रायपुर-खरोरा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल हो गईं। उनके हाथ में फ्रैक्चर आया है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। इस हादसे में उनके बेटे, गनमैन और कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से रायपुर लौट रही थीं। इसी दौरान खरोरा के पास उनकी कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त वाहन में सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ उनका बेटा, गनमैन और ड्राइवर मौजूद थे।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार सवार सभी लोग घायल हो गए। सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कार चालक के सीने और हाथ में चोटें आई हैं। अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सांसद को बेहतर उपचार के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही मचा हड़कंप
राज्यसभा सांसद की कार दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
उसी मार्ग पर पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
हैरानी की बात यह है कि सांसद लक्ष्मी वर्मा की कार दुर्घटना से कुछ देर पहले इसी मार्ग पर एक और सड़क हादसा हुआ था। रायपुर से खरोरा जा रही एक कार और खरोरा से रायपुर की ओर आ रहे ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
हादसे में घायल लोगों को तत्काल खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक ही मार्ग पर कुछ ही समय के अंतराल में हुए दो सड़क हादसों से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं! सरकार ने कलेक्टरों को दिए सख्त निर्देश
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft