भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार (30 जुलाई) देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र के बालाजी नगर-गंगारामवाड़ी स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट नाम की ग्राउंड प्लस चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं कई एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और महानगरपालिका की आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई। संकरी गली होने के कारण शुरुआती राहत कार्य में दिक्कत आई। बाद में NDRF और TDRF की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। रास्ते में बनी एक पुरानी चॉल को जेसीबी से हटाने के बाद बचाव दल मलबे तक पहुंचा और युद्धस्तर पर रेस्क्यू शुरू किया गया।
पहले से खतरनाक घोषित थी इमारत
प्रशासन के अनुसार, कोहिनूर अपार्टमेंट का निर्माण वर्ष 2012 में हुआ था। निर्माण की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण महानगरपालिका ने पहले ही इसे खतरनाक घोषित कर नोटिस जारी किया था। इमारत के एक विंग के ग्राउंड फ्लोर के कमजोर पिलरों की मरम्मत का कार्य भी चल रहा था।
शाम से पड़ने लगी थीं दरारें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम करीब छह बजे से इमारत में दरारें दिखाई देने लगी थीं। रात करीब आठ बजे इमारत के झुकने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। हालांकि, कुछ लोग अपना सामान निकालने के लिए अंदर मौजूद थे और इसी दौरान इमारत ढह गई।
प्रशासन ने क्या कहा?
स्थानीय विधायक महेश चौघुले ने बताया कि, हादसा प्रारंभिक तौर पर मरम्मत कार्य के दौरान हुआ प्रतीत होता है। वहीं, महापौर नारायण चौधरी ने कहा कि भवन पहले से खतरनाक घोषित होने के कारण अधिकांश लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था, जिससे और बड़ा नुकसान टल गया। प्रभावित परिवारों के लिए निकटवर्ती स्कूलों और सामुदायिक भवनों में अस्थायी व्यवस्था की गई है।
2 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यशाला, डिजिटल तकनीकों से न्याय व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft