Tuesday ,October 20, 2026
होमजुर्मफेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी करना शिक्षक को पड़ा भारी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल...

फेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी करना शिक्षक को पड़ा भारी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

 Newsbaji  |  Oct 20, 2026 04:51 PM  | 
Last Updated : Oct 20, 2026 04:51 PM
फेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, जेल भेजा गया
फेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

जशपुर। सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक टिप्पणी करने के मामले में जशपुर जिले में एक शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा मिडिल स्कूल में पदस्थ बताए जा रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने फेसबुक पर हिंदू धर्मग्रंथों, ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।

15 अक्टूबर को वायरल हुई थी पोस्ट
पूरा मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर धर्म से जुड़े कथित विवादित दावों वाली एक पोस्ट वायरल हुई थी। पोस्ट सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई।

इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54 वर्ष), निवासी चराईडांड़, ने 17 अक्टूबर को कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेमंत बेदी नाम के फेसबुक अकाउंट से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री साझा की गई थी। इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई गई।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत निवासी हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, जब टीम आरोपी को नोटिस देने के लिए उसके गांव पहुंची, तो उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा कथित पोस्ट के संबंध में अपनी गलती स्वीकार करने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने कथित पोस्ट साझा करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। इसके बाद आरोपी को 17 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म के प्रति अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और समाज में नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft