रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और भक्ति संगीत को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की दिशा में ओजस्व प्रोडक्शन ने एक अनूठी पहल की है। प्रोडक्शन की ओर से पहली बार छत्तीसगढ़ी गरबा गीत ‘होके बघवा सवार’ तैयार किया गया है। इस गीत के पोस्टर का विमोचन राजधानी रायपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में किया गया। आयोजन में फिल्म, संगीत और पत्रकारिता जगत से जुड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

गीत के पोस्टर का विमोचन ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गायक सुनील लोधी, छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा और वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संगीतकार मनीष सोनी, निश्चल श्रीवास्तव और रितविका भट्टाचार्य सहित गीत से जुड़ी टीम उपस्थित रही।
भक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अनूठा संगम
‘होके बघवा सवार’ छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार किया गया गरबा गीत है, जो क्षेत्रीय भाषा और पारंपरिक भक्ति संगीत को एक नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। ओजस्व प्रोडक्शन की इस पहल से छत्तीसगढ़ी संगीत को एक अलग पहचान देने और स्थानीय भाषा में भक्ति गीतों की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में नई पहल मानी जा रही है।

गीत का शीर्षक मां दुर्गा के बघवा (बाघ) पर सवार स्वरूप की ओर संकेत करता है। गरबा की ऊर्जा और देवी आराधना की भावना को छत्तीसगढ़ी रंग में पिरोने का यह प्रयास श्रोताओं के बीच खासा आकर्षण बनता जा रहा है।
अनुभवी कलाकारों ने संभाली गीत की जिम्मेदारी
‘होके बघवा सवार’ के गीतकार धर्मेन्द्र निर्मल हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी मनीष-शुकु-बाबू ने संभाली है। गीत को छत्तीसगढ़ की जानी मानी गायक अनुपमा मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। इसका संपादन मनीष देवांगन ने किया है। गीत की रिकॉर्डिंग भिलाई स्थित इंपा डिजिटल स्टूडियो में की गई है।
पोस्टर विमोचन से टीम का उत्साह बढ़ा
रायपुर में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अतिथियों की उपस्थिति ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया। छत्तीसगढ़ी भाषा में गरबा गीत तैयार करने की इस पहल को क्षेत्रीय कला, संस्कृति और संगीत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी करना शिक्षक को पड़ा भारी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को आएंगी छत्तीसगढ़, रायपुर की सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft