भोपाल। मध्य प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.1 किलो क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन जब्त की है। DRI की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर मंगलवार सुबह अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर दिल्ली से बस में पहुंचे एक यात्री को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके दो ट्रॉली बैग से मादक पदार्थ बरामद हुआ। मामले में आरोपी को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
ट्रॉली बैग में छिपाकर रखे थे 11 पैकेट
DRI अफसरों के अनुसार, पकड़े गए यात्री के पास मौजूद दो मध्यम आकार के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। इस दौरान सलवार-सूट के पैकेटों में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के 11 पैकेट मिले। इन पैकेटों में कुल 9.1 किलो क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन रखी हुई थी।
बरामद पदार्थ की जांच एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से की गई, जिसमें मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अधिकारियों ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भोपाल में लगातार सामने आ रहे ड्रग्स तस्करी के मामले
भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले 14 अक्टूबर को डीआरआई ने ISBT पर ही कार्रवाई करते हुए दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सवार एक महिला से 2.6 किलो एम्फेटामाइन जब्त की थी।
वहीं, सितंबर में डीआरआई ने भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दो अलग-अलग कार्रवाइयां की थीं। इन कार्रवाइयों में कुल 4.3 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद की गई थी। दोनों मामलों में एक भारतीय पुरुष और एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया था।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी DRI
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से भोपाल में बस और रेल मार्गों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी का महत्व बढ़ गया है। डीआरआई अब ताजा मामले में आरोपी से पूछताछ और अन्य जांच के जरिए तस्करी से जुड़े संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, मामले में आगे की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft