रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 22 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति दोपहर 12:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनका स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
राजधानी में 2,000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, राष्ट्रपति के आगमन और विभिन्न कार्यक्रमों के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के पहले दिन 22 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। दोपहर 12:45 बजे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर वह पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
इसके बाद शाम 4:00 बजे राष्ट्रपति इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वह ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
राष्ट्रपति के इन कार्यक्रमों को देखते हुए संबंधित स्थलों और उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को बस्तर के जगदलपुर जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह सुबह 11 बजे जगदलपुर के लिए रवाना होंगी।
जगदलपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को देखते हुए बस्तर में भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की गई हैं।
रायपुर में इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान VIP मूवमेंट के चलते रायपुर के कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित रहेगी। यातायात पुलिस के बताए गए मार्गों के अनुसार, लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
यात्रियों और आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। मार्गों पर प्रतिबंध का वास्तविक समय वीआईपी मूवमेंट के अनुसार बदल सकता है।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 हजार से ज्यादा जवान
राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजधानी रायपुर में 2,000 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 3 IG, 6 DIG और एसपी रैंक के 10 अधिकारियों सहित 100 से अधिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। राष्ट्रपति के निर्धारित कार्यक्रम स्थलों, आवागमन मार्गों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft