Wednesday ,October 21, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में अब वर्ष में कम से कम एक बार होगी सामान्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET), कर्मचारी चयन मंडल को मिली जिम्मेदारी...

छत्तीसगढ़ में अब वर्ष में कम से कम एक बार होगी सामान्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET), कर्मचारी चयन मंडल को मिली जिम्मेदारी

 Newsbaji  |  Oct 21, 2026 08:07 PM  | 
Last Updated : Oct 21, 2026 08:07 PM
छत्तीसगढ़ में अब वर्ष में कम से कम एक बार होगी सामान्य TET परीक्षा
छत्तीसगढ़ में अब वर्ष में कम से कम एक बार होगी सामान्य TET परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षक अभ्यर्थियों और सेवारत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में सामान्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रदेश में सेवारत गैर-टीईटी नियमित शिक्षकों के साथ-साथ गैर-सेवारत अभ्यर्थियों के लिए भी सामान्य टीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने वर्ष में न्यूनतम एक बार परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने सिविल अपील क्रमांक 1385/2025 में 1 सितंबर 2025 तथा पुनर्विचार याचिका (सिविल) डायरी क्रमांक 53434/2025 एवं अन्य संबंधित प्रकरणों में 29 मई 2026 को पारित निर्णयों के अनुरूप कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले ऐसे सेवारत शिक्षकों, जिनकी सेवा अवधि पांच वर्ष या उससे अधिक शेष है, के लिए सेवा में बने रहने अथवा पदोन्नति के उद्देश्य से संबंधित स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य बताया गया है।

इस निर्णय के बाद प्रदेश के उन नियमित शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा का महत्व और बढ़ गया है, जिन्होंने अभी तक शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है।

कर्मचारी चयन मंडल को मिली परीक्षा की जिम्मेदारी
प्रदेश में अब तक शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा समय-समय पर किया जाता रहा है। अब स्कूल शिक्षा विभाग ने सेवारत गैर-टीईटी नियमित शिक्षकों और अन्य गैर-सेवारत अभ्यर्थियों के लिए सामान्य टीईटी परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को सौंपी है।

विभाग ने कर्मचारी चयन मंडल के परीक्षा नियंत्रक को निर्देशित किया है कि सामान्य टीईटी परीक्षा का आयोजन वर्ष में कम से कम एक बार सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र शिक्षकों और अन्य अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके।

शिक्षकों और अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
राज्य शासन के इस निर्णय से उन सेवारत शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिन्हें टीईटी उत्तीर्ण करने की आवश्यकता है। वहीं, अन्य पात्र अभ्यर्थियों को भी शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने के लिए नियमित अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

बहरहाल, परीक्षा की तिथि, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश और अन्य शर्तों की जानकारी कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना से स्पष्ट होगी। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft