डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रहा संगठनात्मक असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे का दावा हुआ था, वहीं अब पार्टी के 26 पदाधिकारियों और नेताओं ने भी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का दावा करते हुए संगठन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस्तीफा देने वालों में पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
परिवारवाद का आरोप
जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजे गए इस्तीफा पत्र में नेताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोतआना पर परिवारवाद, गुटबाजी और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संगठन के फैसले कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं, जिससे वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
पदाधिकारियों के बीच बढ़ता असंतोष
इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा था कि उन्हें कोई आधिकारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, अब 26 पदाधिकारियों के इस्तीफे के दावे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
इतिहास में दर्ज हुआ सामूहिक इस्तीफा
इस्तीफा देने वाले नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है। उनका कहना है कि जब पूरे प्रदेश में इस घटनाक्रम की चर्चा हो रही है, तब जिला नेतृत्व का इससे अनभिज्ञ होना कई सवाल खड़े करता है।
इधर, डोंगरगढ़ भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं। कार्यकर्ता अनिल पांडेय पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं, जबकि नगर पालिका के पार्षद अमित छाबड़ा ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। लगातार हो रहे इस्तीफों ने स्थानीय भाजपा संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि पार्टी नेतृत्व ने जल्द हस्तक्षेप कर संगठनात्मक विवाद का समाधान नहीं किया, तो इसका असर आने वाले चुनावों में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रदर्शन पर पड़ सकता है।
2 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यशाला, डिजिटल तकनीकों से न्याय व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम
पुष्पक एक्सप्रेस के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला युवक, बीना में रोकी गई ट्रेन
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft