Friday ,July 31, 2026
होमजुर्मपटना में चल रहा था करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा रैकेट, दुर्ग पुलिस ने 2 आरोपी दबोचे, एक नाबालिग भी पकड़ा...

पटना में चल रहा था करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा रैकेट, दुर्ग पुलिस ने 2 आरोपी दबोचे, एक नाबालिग भी पकड़ा

 Newsbaji  |  Jul 31, 2026 05:47 PM  | 
Last Updated : Jul 31, 2026 05:47 PM
पटना में करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा रैकेट पकड़ा, भिलाई पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पटना में करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा रैकेट पकड़ा, भिलाई पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

भिलाई। ऑनलाइन सट्टा, साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खुर्सीपार में दर्ज अपराध के दौरान पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में पहले भी ऑनलाइन सट्टा और म्यूल बैंक खातों से जुड़े कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल डेटा, डिजिटल ट्रेल और गोपनीय सूचना के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही थी।

पटना से हुई गिरफ्तारी 
विशेष पुलिस टीम को पटना भेजा गया, जहां तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर नारायण प्लाजा अपार्टमेंट स्थित किराये के मकान में दबिश देकर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी यहीं से ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर के लोगों को जोड़कर अवैध सट्टा संचालित कर रहे थे।

ऐसे चलता था सट्टे का नेटवर्क
पुलिस जांच में पता चला कि, आरोपी लूडो, कैसीनो, एविएटर (Aviator), फुटबॉल बेटिंग सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आईडी उपलब्ध कराकर लोगों से दांव लगवाते थे। हार-जीत की रकम का लेन-देन यूपीआई, नेट बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और म्यूल बैंक खातों के जरिए किया जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी लगातार बैंक खाते बदलते रहते थे।

रोजाना 12 से 15 लाख रुपए का दांव 
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह प्रतिदिन करीब 12 से 15 लाख रुपए का ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था, जबकि हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये का वित्तीय लेन-देन होता था। पुलिस जब्त किए गए मोबाइल, बैंक दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक विश्लेषण करा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
आफताब अहमद (24 वर्ष), निवासी अहमदनगर कैंप-2, थाना छावनी, भिलाई, जिला दुर्ग, दानिश खान (24 वर्ष), निवासी कैंप-1, थाना वैशाली नगर, भिलाई, जिला दुर्ग के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों से 14 मोबाइल फोन, 14 एटीएम कार्ड और 11 बैंक पासबुक इसके अलावा ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं दस्तावेजी सामग्री जब्त की गई है। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft