मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बरेला मेन रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
2 की मौत 1 की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की देर रात कार (क्रमांक CG-15-DN-3866), जिस पर "CMO (UAD) CG Government" लिखा हुआ था, ने सड़क किनारे खड़ी HF डीलक्स मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में किरण बसोर (39) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35) ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे घायल विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जोरदार टक्कर
प्रार्थी विश्वनाथ बसोर की रिपोर्ट के अनुसार, किरण बसोर अपने साथियों के साथ शादी समारोह के ऑर्डर के सिलसिले में ग्राम हरदी गए थीं। लौटते समय सड़क पर गाय आ जाने के कारण उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी थी। इसी दौरान मुंगेली की ओर से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
CMO गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जरहागांव पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी CMO अमरेश सिंह (58), निवासी महेश्वर कॉलोनी, गोधनपुर, जिला अंबिकापुर को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को 3 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार में लगी नेम प्लेट से हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। बाद में घटनास्थल से कार की "CMO" लिखी नेम प्लेट बरामद हुई। वहीं दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
IGKV Admission 2026: बीएससी कृषि (ऑनर्स) प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू, जानें पूरा शेड्यूल
45 लाख रुपए की जप्त शराब नष्ट, 112 प्रकरणों की 5,480 बल्क लीटर मदिरा का किया नष्ट
1.13 करोड़ की ठगी, 45 करोड़ के कथित नकली नोट दिलाने का झांसा, महाराष्ट्र के जालसाजों पर केस
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft