Sunday ,August 02, 2026
होमछत्तीसगढ़'CMO' लिखी कार का कहर! बाइक सवार 3 लोगों को मारी टक्कर, 2 की मौत, चालक फरार...

'CMO' लिखी कार का कहर! बाइक सवार 3 लोगों को मारी टक्कर, 2 की मौत, चालक फरार

 Newsbaji  |  Aug 02, 2026 09:24 AM  | 
Last Updated : Aug 02, 2026 09:24 AM
CMO' लिखी कार की टक्कर से 2 की मौत, 1 गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
CMO' लिखी कार की टक्कर से 2 की मौत, 1 गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 3 लोगों को एक 'CMO' लिखी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में किरण बसूर (39) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अंजली बसूर (35) ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। विकेश साहू (करीब 36) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी बताए जा रहे हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।

कार का नंबर प्लेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बाद में सूचना मिली कि क्षतिग्रस्त कार तखतपुर नगर पालिका के पास खड़ी मिली। घटनास्थल से कार की नंबर प्लेट भी बरामद हुई, जिस पर 'CMO' लिखा हुआ था।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार में तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सहित अन्य लोग सवार थे और वे एक समारोह से लौट रहे थे। हालांकि, इन दावों की पुलिस या किसी सक्षम अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की जांच जारी 
जरहागांव थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। कार कौन चला रहा था, उसमें कौन-कौन सवार थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विवेचना जारी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख बिन्दु

  • बरेला के पास देर रात भीषण सड़क हादसा।
  • 'CMO' लिखी कार की टक्कर से 2 की मौत, एक गंभीर।
  • हादसे के बाद चालक मौके से फरार।
  • घटनास्थल से 'CMO' लिखी नंबर प्लेट बरामद।
  • कार में कौन सवार था, इसकी पुलिस जांच जारी।
     

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft