Sunday ,August 02, 2026
होमदेश-दुनियाUP विधानसभा मानसून सत्र, आज रणनीति तय करेंगे सत्ता पक्ष-विपक्ष, सर्वदलीय बैठक में होगी चर्चा...

UP विधानसभा मानसून सत्र, आज रणनीति तय करेंगे सत्ता पक्ष-विपक्ष, सर्वदलीय बैठक में होगी चर्चा

 Newsbaji  |  Aug 02, 2026 10:39 AM  | 
Last Updated : Aug 02, 2026 10:39 AM
UP विधानसभा मानसून सत्र, हंगामेदार होने संभावना
UP विधानसभा मानसून सत्र, हंगामेदार होने संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार, 3 अगस्त से होने जा रही है। इससे पहले रविवार को राजधानी लखनऊ में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी। सत्र के संचालन और रणनीति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष अलग-अलग बैठकें करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सर्वदलीय बैठक भी आयोजित होगी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सुबह 11:30 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सत्र के सुचारु संचालन और सदन की कार्यवाही पर चर्चा होगी।

भाजपा विधानमंडल दल की बैठक रविवार शाम 6:00 बजे लोकभवन सभागार में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा के विधायक, विधान परिषद सदस्य और सहयोगी दलों के विधायक शामिल होंगे। सरकार विपक्ष के संभावित हमलों का जवाब देने की रणनीति पर मंथन करेगी।

वहीं, समाजवादी पार्टी की विधानमंडल दल की बैठक सुबह 11:00 बजे पार्टी मुख्यालय में होगी। इसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। बैठक में विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को मानसून सत्र की रणनीति से अवगत कराया जाएगा। सपा अयोध्या श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण, नीट पेपर लीक और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

4 दिन तक चलने वाले मानसून सत्र के 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलने की संभावना है। हालांकि पहले दिन आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आलमबदी के हालिया निधन पर शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने की संभावना है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft