Saturday ,August 01, 2026
होमछत्तीसगढ़Eklavya स्कूल में छात्रों का फूटा गुस्सा, सुबह 7:00 बजे कटघोरा-कोरबा हाईवे जाम, प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार और खाने में कीड़े मिलने का आरोप...

Eklavya स्कूल में छात्रों का फूटा गुस्सा, सुबह 7:00 बजे कटघोरा-कोरबा हाईवे जाम, प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार और खाने में कीड़े मिलने का आरोप

 Newsbaji  |  Aug 01, 2026 09:55 AM  | 
Last Updated : Aug 01, 2026 09:55 AM
एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन
एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों का कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन

कोरबा/कटघोरा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रों का गुस्सा शनिवार सुबह सड़क पर फूट पड़ा। प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक के कथित अभद्र व्यवहार, छात्रावास में खराब भोजन और मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज विद्यार्थियों ने सुबह करीब 7:00 बजे कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

SDM ने की सुनवाई
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय तहसीलदार, पुलिस अधिकारियों और बाद में एसडीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।

खाने में कीड़े मिलते हैं, कोई सुनने वाला नहीं
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि, छात्रावास में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है और कई बार भोजन में कीड़े मिले हैं। छात्रों का कहना है कि विद्यालय के प्राचार्य अहमद खान का व्यवहार भी उनके प्रति अभद्र है। साथ ही छात्रावास में कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, जिससे वे लंबे समय से परेशान हैं।

पहले विधायक से भी लगा चुके हैं गुहार
विद्यार्थियों ने बताया कि, वे अपनी समस्याओं को लेकर पहले भी स्थानीय विधायक के समक्ष प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लगातार अनदेखी के कारण उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कलेक्टर से कार्रवाई की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि प्राचार्य को हटाया जाए और छात्रावास अधीक्षक के कथित अभद्र व्यवहार की जांच कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर स्तर पर हस्तक्षेप और कार्रवाई के भरोसे के बाद ही वे आंदोलन समाप्त करेंगे।

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
काफी देर तक चली बातचीत के बाद SDM ने शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिससे कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य हो गया। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू करने और शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft