पटना/दतिया। बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग की निगरानी में तीनों राज्यों के मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों के बाद इन सीटों के परिणाम सामने आने लगेंगे।
सबसे अधिक राजनीतिक नजर बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर है, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उपचुनाव कराया गया। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में होने से मुकाबला चर्चा में रहा।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भी मतगणना जारी है। यह सीट भाजपा के आठ बार के विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते उपचुनाव कराया गया।
वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी वोटों की गिनती जारी है। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने यहां पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था।
मतदान के दौरान तीनों सीटों पर अलग-अलग मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था। दतिया में सबसे अधिक 71.42 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि बांकीपुर में सबसे कम 34.16 प्रतिशत और मांजलपुर में 37.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतगणना के साथ ही राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी हैं। इन उपचुनावों के नतीजे संबंधित राज्यों की राजनीतिक दिशा और दलों की संगठनात्मक ताकत का संकेत माने जा रहे हैं।
दुर्ग में उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू से हत्या, लूट के बाद 4 बदमाश फरार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft