Monday ,August 03, 2026
होमछत्तीसगढ़भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी मामला: BJP नेता की गिरफ्तारी पर नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग...

भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी मामला: BJP नेता की गिरफ्तारी पर नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग

 Newsbaji  |  Aug 03, 2026 08:18 AM  | 
Last Updated : Aug 03, 2026 08:18 AM
BJP नेता की गिरफ्तारी पर सरकार पर बरसे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत
BJP नेता की गिरफ्तारी पर सरकार पर बरसे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत

रायपुर/भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में कथित लोहा चोरी के मामले में भाजपा नेता भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित संरक्षण देने वाले बड़े चेहरों की भूमिका उजागर करने की मांग की है।

अब तक 17 गिरफ्तार 
डॉ. महंत ने कहा कि वैशाली नगर के भाजपा विधायक रिकेश सेन पहले ही BSP से हर महीने करीब 100 करोड़ रुपए की संगठित चोरी का आरोप लगा चुके थे। उनके अनुसार, भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद विधायक के आरोपों को और बल मिला है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें बीएसपी के कुछ अधिकारी भी शामिल हैं।

संगठित तरीके से चोरी 
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बीएसपी में लंबे समय से संगठित तरीके से लोहा चोरी का नेटवर्क संचालित हो रहा था। उन्होंने कहा कि इतने बड़े सरकारी उपक्रम में इस स्तर की चोरी बिना संरक्षण के संभव नहीं है। इसलिए यह जांच होनी चाहिए कि इस पूरे मामले में किन प्रभावशाली लोगों की भूमिका रही और किसका संरक्षण प्राप्त था। डॉ. महंत ने कहा कि जांच एजेंसियां चाहें तो इस मामले का खुलासा करने वाले भाजपा विधायक रिकेश सेन से भी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकती हैं।

BSP को कमजोर करने की साजिश
उन्होंने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक उपक्रमों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भिलाई स्टील प्लांट को भीतर से कमजोर कर निजीकरण की दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।

सीएम ने क्यों साधी चुप्पी?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए डॉ. महंत ने कहा कि कुछ दिन पहले मीडिया के सवालों पर मुख्यमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया था। उनके अनुसार, बाद में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के कारण पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

अपने बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, भाजपा सार्वजनिक उपक्रमों की स्थिति के लिए कांग्रेस पर आरोप लगाती है, जबकि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित सार्वजनिक उपक्रमों को कमजोर किया जा रहा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft