Delhi. तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता-राजनेता विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) को बड़ा झटका लगा है। राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने बहुमत साबित न कर पाने के कारण विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया है।
शुक्रवार को विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन कुछ ही घंटों में राजनीतिक समीकरण बदल गए। TVK के सहयोगी दलों ने समर्थन से दूरी बना ली, जिससे पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई।
सहयोगी दलों ने छोड़ा साथ
IUML और TTV दिनाकरन की AMMK ने अलग-अलग पत्र जारी कर TVK गठबंधन से अलग होने का ऐलान किया। AMMK ने राज्यपाल को पत्र लिखकर AIADMK को सरकार बनाने का अवसर देने की मांग की।
वहीं, वामपंथी दल CPI और CPM ने TVK को बाहर से समर्थन देने की घोषणा की, लेकिन सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया। कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिलने के बावजूद TVK जरूरी बहुमत 118 तक नहीं पहुंच सकी।
TVK ने जताया भरोसा
TVK विधायक मैरी विल्सन ने कहा कि, विजय लंबे समय तक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि, पार्टी को पूरा भरोसा है और देर रात तक कोई सकारात्मक खबर सामने आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, TVK अब इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रही है। पार्टी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है।
राज्यपाल का स्पष्ट संदेश
राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने साफ कहा कि 113 या 116 विधायकों के समर्थन के आधार पर स्थिर सरकार नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने लिखित समर्थन पत्र के बिना कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
फिलहाल तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है। अब सबकी नजरें राज्यपाल के अगले कदम और संभावित कानूनी लड़ाई पर टिकी हैं।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft