Thursday ,September 03, 2026
होमदेश-दुनियाUP में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह संक्रमित, 685 मामले सामने आए...

UP में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह संक्रमित, 685 मामले सामने आए

 Newsbaji  |  Sep 02, 2026 02:15 PM  | 
Last Updated : Sep 02, 2026 02:15 PM
स्वाइन फ्लू की चपेट में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, UP में 685 मामले
स्वाइन फ्लू की चपेट में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, UP में 685 मामले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी H1N1 संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। पिछले 4-5 दिनों से तेज बुखार, सर्दी और जुकाम की शिकायत के बाद उनकी जांच कराई गई, जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

फिलहाल मंत्री की हालत स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज उनके आधिकारिक आवास पर ही चल रहा है। KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, मंत्री में संक्रमण के लक्षण फिलहाल हल्के हैं और एहतियात के तौर पर उन्हें आइसोलेट किया गया है।

UP में 685 पहुंचा स्वाइन फ्लू का आंकड़ा
जयवीर सिंह के संक्रमित होने के बीच प्रदेश में H1N1 के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 685 हो गए हैं। लखनऊ और आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के साथ जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। खासतौर पर ओसेल्टामिविर (टैमीफ्लू) का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खांसी-छींक से फैल सकता है संक्रमण
H1N1 एक संक्रामक मौसमी इन्फ्लूएंजा है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से इसका संक्रमण फैल सकता है। संक्रमित सतहों को छूने के बाद आंख, नाक या मुंह को छूने से भी संक्रमण का खतरा रहता है। इसके सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर और मांसपेशियों में दर्द तथा अत्यधिक थकान शामिल हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने और साबुन या सैनिटाइजर से नियमित रूप से हाथ साफ करने की अपील की है। बुखार, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर दूसरों से दूरी बनाए रखने और चिकित्सक से सलाह लेने की सलाह दी गई है।

फिलहाल पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, प्रदेश में बढ़ते H1N1 मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के साथ अस्पतालों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft