लखनऊ। महिंगवां थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में रविवार-सोमवार की देर रात एक निर्माणाधीन मकान में सो रहे 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक छत से नीचे खेत में जा गिरा। करीब 400 मीटर दूर वह बेसुध हालत में मिला। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर पुलिस की मदद से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
5 दिन पहले ही बना था मकान का चौकीदार
परिजनों के अनुसार, मृतक सतीश यादव ने महज पांच दिन पहले ही गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बन रहे एक निर्माणाधीन मकान में चौकीदार की नौकरी शुरू की थी। अशोक नाम के ठेकेदार ने उसे काम पर रखा था। बताया जा रहा है कि मकान लखनऊ में रहने वाली एक महिला का है।
सतीश रात में निर्माणाधीन मकान की छत पर ही सोता था। रविवार रात करीब 8:00 बजे खाना खाने के बाद वह घर से मकान पर सोने के लिए निकला था। इसके बाद देर रात किसी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
छत से खेत में गिरा, 400 मीटर दूर मिला घायल
हमले के दौरान सतीश गंभीर रूप से घायल होकर निर्माणाधीन मकान की छत से नीचे खेत में जा गिरा। रात करीब दो बजे गांव के एक युवक ने उसे खेत के पास घायल और बेसुध हालत में देखा। युवक ने इसकी सूचना सतीश के परिजनों को दी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर पुलिस की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
2 दिन पहले दौड़ाकर दी थी धमकी, पुराने विवाद ने बढ़ाया शक
सतीश के छोटे भाई शिवम यादव ने गांव के ही सुनील और धीरज पर संदेह जताया है। उसका कहना है कि दोनों से सतीश का लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि, घटना से महज दो दिन पहले सुनील और धीरज ने सतीश को दौड़ाया था और उसे देख लेने की धमकी दी थी। इसी वजह से परिवार को आशंका है कि पुराने विवाद के चलते ही सतीश की हत्या की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
संदिग्ध पुलिस हिरासत में, कई एंगल पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही महिंगवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
DCP नॉर्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि चाकू से घायल सतीश की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पुराने विवाद समेत हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर नजर
सतीश की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर हत्या की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। हत्या के पीछे पुराना विवाद है या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
शिक्षक दिवस पर छत्तीसगढ़ के 68 शिक्षकों को मिलेगा राज्य शिक्षक सम्मान, 4 को स्मृति पुरस्कार
फर्जी टोल वसूली मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 7 राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft