नई दिल्ली/अबू धाबी। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में एक बार फिर जहाजों पर हमले की खबर सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय के हवाले से दावा किया गया है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने यूएई के दो राष्ट्रीय टैंकर जहाजों 'मोंबासा' और 'अल बाहिया' को क्रूज़ मिसाइलों से निशाना बनाया।
दावे के अनुसार, यह हमला ओमान के समुद्री क्षेत्र की ओर जाने वाले दक्षिणी मार्ग में हुआ। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
भारतीय क्रू सदस्य की मौत, 8 लोग घायल
बताया गया है कि, हमले में 'मोंबासा' जहाज पर सवार एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई। इसके अलावा 8 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
UAE ने की कड़ी निंदा
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा है।
जवाबी कार्रवाई का अधिकार
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि, UAE को अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार है। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।
आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील
UAE के रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने और अफवाहों या अपुष्ट खबरों को साझा नहीं करने की अपील की है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft