रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर के VIP इलाके में स्थित निर्माणाधीन कांग्रेस कार्यालय में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। घटना ऐसे क्षेत्र में हुई है, जहां वित्त मंत्री का सरकारी आवास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का निवास, महिला थाना, रेलवे स्टेशन और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' चौक कुछ ही दूरी पर स्थित हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 38 वर्षीय आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर दो रात तक उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी आरोप है कि 11 जुलाई की सुबह आरोपी ने तीसरी बार दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन इस बार पीड़िता ने साहस दिखाते हुए अपनी मां और आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दे दी।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा है पीड़ित परिवार
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी मां के साथ जूटमिल क्षेत्र में रहती है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उसकी मां भिक्षावृत्ति कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करती है।
जानकारी के मुताबिक, शहर में कचरा बीनने और भीख मांगने वाली कुछ महिलाएं वित्त मंत्री के सरकारी आवास के सामने स्थित निर्माणाधीन भवन में अस्थायी रूप से ठहरती हैं। पीड़िता भी अपनी मां के साथ कई बार वहां रुकी थी।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस दरोगा पारा स्थित निर्माणाधीन भवन पहुंची और एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद 11 जुलाई को पीड़िता की मां ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी, निवासी दरोगा पारा, के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सभी पहलुओं की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि, मामला नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध का है, इसलिए इसकी जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। अफसरों के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft