Friday ,October 23, 2026
होमछत्तीसगढ़सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल...

सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल

 Newsbaji  |  Oct 23, 2026 11:19 AM  | 
Last Updated : Oct 23, 2026 11:19 AM
सड़क पर बर्थडे पार्टी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील पर बवाल
सड़क पर बर्थडे पार्टी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील पर बवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून का राज कायम रखने की जिम्मेदारी जिन अफसरों के कंधों पर है, जब उन्हीं की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ जाए, तो मामला गंभीर हो जाता है। अभनपुर तहसील के नायब तहसीलदार विपिन पटेल से जुड़ी एक कथित वायरल रील ने ऐसा ही विवाद खड़ा कर दिया है। 

वीडियो में सड़क के बीच कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने, गाड़ी के बोनट पर केक काटने और खुलेआम आतिशबाजी करने का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अफसरों की जवाबदेही और कानून के समान पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सड़क बनी बर्थडे पार्टी का ठिकाना!
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील में कथित तौर पर एक कार सड़क के बीचोंबीच गाड़ी दिखाई देती है। कार के बोनट को केक रखने के लिए टेबल की तरह इस्तेमाल किया गया है। बैकग्राउंड में फिल्मी गाना ‘ओ ओ जाने जाना’ बज रहा है और जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा है। वीडियो में सड़क पर आतिशबाजी किए जाने के दृश्य भी सामने आने का दावा है।

आरोप है कि, जश्न के दौरान सड़क से गुजरने वाले दूसरे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और पीछे से आ रहे वाहन चालकों को रुकना पड़ा। यदि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो यह केवल सोशल मीडिया रील बनाने का मामला नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक मार्ग के इस्तेमाल से जुड़ा गंभीर सवाल भी है।

हाईकोर्ट की सख्ती के बीच अफसर की रील चर्चा में
सड़क पर जन्मदिन मनाने, सार्वजनिक मार्ग पर पटाखे फोड़ने और यातायात बाधित कर वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों को लेकर छत्तीसगढ़ में पहले भी सख्ती की बात सामने आती रही है। ऐसे में नायब तहसीलदार से जुड़ी इस कथित रील ने न्यायिक निर्देशों के पालन को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब आम नागरिकों से यातायात नियमों और कानून का पालन करने की अपेक्षा की जाती है, तो सरकारी पद पर बैठे अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही क्या होनी चाहिए? क्या नियमों का पालन केवल आम जनता के लिए है, या सरकारी अफसर भी उन्हीं नियमों के दायरे में आते हैं?

सोशल मीडिया पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी जताए जाने की बात सामने आ रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि कोई आम व्यक्ति सार्वजनिक सड़क पर इस तरह जश्न मनाकर यातायात बाधित करता है, तो क्या उसके खिलाफ भी यही रवैया अपनाया जाएगा? साथ ही, मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग उठ रही है।

अब प्रशासन के रुख पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले में अब प्रशासन की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण होगी। क्या वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी? क्या संबंधित अफसर से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा? और यदि सड़क पर यातायात बाधित करने या अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो क्या नियमानुसार कार्रवाई होगी?
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft