Saturday ,September 05, 2026
होमदेश-दुनियात्रिशूर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; 8 छात्रों की मौत...

त्रिशूर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; 8 छात्रों की मौत

 Newsbaji  |  Sep 05, 2026 10:17 AM  | 
Last Updated : Sep 05, 2026 10:17 AM
त्रिशूर में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 8 छात्रों की मौत
त्रिशूर में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 8 छात्रों की मौत

त्रिशूर। जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। राष्ट्रीय NH-66 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छात्र वाहन के अंदर फंस गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस और राहत दल को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और बचावकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।

मौके पर 7 छात्रों ने तोड़ा दम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में 7 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक छात्र गंभीर रूप से घायल मिला। बचाव दल ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

तमिलनाडु के रहने वाले थे सभी छात्र
बताया जा रहा है कि, हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्र तमिलनाडु से जुड़े हुए थे। दुर्घटनाग्रस्त कार तमिलनाडु के मदुरै नंबर की बताई जा रही है। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित PSNA इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी मिला है।

मृतकों की प्रारंभिक पहचान सलेम; सूर्या (20), विश्व (20), डिंडीगुल; संतोष (20), मदुरै; प्रसन्ना (मदुरै) और युवसंजीत (20), डिंडीगुल के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों को अपने बच्चों के सुरक्षित लौटने का इंतजार था, वहां अचानक मातम छा गया। एक ही हादसे में आठ छात्रों की मौत से तमिलनाडु के संबंधित परिवारों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने सभी आठ शवों को कब्जे में लेकर त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। मृतकों के परिवारों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft